चंडीगढ़ देव समाज हेड ऑफिस, सेक्टर 36- बी में आयोजित देव समाज महोत्सव, भजन, प्रार्थना और देव समाज के सिद्धांतों का पालन करने की प्रतिज्ञा के साथ संपन्न हुआ । महोत्सव देव समाज के संस्थापक भगवान देव आत्मा की 174 वीं जयंती समारोह के उपलक्ष्य में मनाया गया था। चार दिवसीय समारोह के दौरान सामाजिक नैतिकता और नैतिक संस्कृति पर दैनिक प्रवचनों के इर्द-गिर्द विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।
देव समाज की शिक्षाओं के अनुरूप सामाजिक कल्याणकारी प्रयासों को अपनाते हुए, पीजीआईएमईआर और सुख फाउंडेशन के सहयोग से एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पी.जी.आई.एम.ई.आर चंडीगढ़ के एमएस एंड हेड डिपार्टमेंट फॉर हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेशन एंड नोडल ऑफिसर, रीजनल ऑर्गन एंड टिश्यू ट्रांसप्लांट आगेर्नाइजेशन (आरओटीटीओ – नॉर्थ) के प्रोफेसर विपिन कौशल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इसके अलावा, पीजीआईएमईआर के ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभाग के डॉ. सुचेत सचदेव और सेंट्रल डिटेक्टिव ट्रेनिंग इंस्टिट्यूट (सीडीटीआई), भारत सरकार के डीएसपी संजय कुमार ने विशिष्ट अतिथि के रूप में भाग लिया। इस दौरान एक अंगदान जागरूकता शिविर भी आयोजित किया गया।
देव समाज संस्थानों के स्वयंसेवकों और आम जनता ने सक्रिय रूप से रक्तदान किया और कई लोगों ने अपने अंग दान करने की प्रतिज्ञा भी ली। कुल 100 युनिट रक्त का दान किया गया । देव समाज मैनेजिंग काउंसिल के मेंबर निर्मल सिंह ढिल्लों ने आयोजकों को बधाई दी और इस नेक कार्य में स्वेच्छा से भाग लेने वाले दाताओं के प्रयासों की सराहना की। महोत्सव का एक अन्य प्रमुख आकर्षण डॉ. एग्नीज ढिल्लों, सेक्रेटरी, देव समाज द्वारा आयोजित ‘देव जीवनधारी भगवान देव आत्मा’ पर महासभा थी। इस प्रेरक व्याख्यान में देव समाज के संस्थापक की शिक्षाओं को उजागर किया गया। डॉ. एग्नीज ढिल्लों ने कहा कि देव समाज के संस्थापक ने समाज द्वारा उत्पन्न चुनौतियों के बावजूद सत्य और ईमानदारी जैसे उच्चतम मानवीय मूल्यों का प्रचार किया। उन्होंने कहा कि इन गुणों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए ताकि हम सभी एक उद्देश्यपूर्ण जीवन जी सकें।



